धान के खेत में उतरीं सांसद प्रिया सरोज, किसानों के साथ की रोपाई; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

वाराणसी/जौनपुर, जनमुख न्यूज़। जौनपुर की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सांसद किसानों के साथ धान के खेत में उतरकर रोपाई करती नजर आ रही हैं। उनकी इस पहल की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में हुई अच्छी बारिश के बाद किसान धान की रोपाई में जुटे हुए हैं। क्षेत्रीय दौरे के दौरान प्रिया सरोज किसानों के बीच पहुंचीं और खेत में उतरकर स्वयं धान की रोपाई की। साड़ी पहनकर खेत में उतरीं सांसद ने किसानों के साथ धान की बेहन लगाई और खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों पर बातचीत भी की।
अपने सांसद को खेत में काम करते देख किसान उत्साहित नजर आए। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं दी हैं। वायरल वीडियो में सांसद किसानों की मेहनत को करीब से समझने और उनसे संवाद करते हुए दिखाई दे रही हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रिया सरोज मछलीशहर निवासी और भाला फेंक खिलाड़ी रोहित यादव के घर उनके परिजनों को बधाई देने गई थीं। वहीं से लौटते समय उन्होंने खेतों में धान की रोपाई करते किसानों को देखा और उनके बीच पहुंचकर कुछ समय तक रोपाई में हाथ बंटाया।
देश की सबसे युवा सांसदों में शामिल प्रिया सरोज अपने क्षेत्र में सक्रिय जनसंपर्क और सोशल मीडिया उपस्थिति के लिए भी जानी जाती हैं। किसानों के बीच पहुंचकर धान की रोपाई करने का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

