नीट पेपर लीक पर विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, राहुल गांधी के नेतृत्व में गांधी स्मृति मार्च; सरकार पर साधा निशाना

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्ष का विरोध तेज हो गया है। गुरुवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के सांसदों ने गांधी स्मृति तक मार्च कर छात्रों के समर्थन में एकजुटता दिखाई। इस दौरान कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी), माकपा (सीपीआई-एम) समेत कई विपक्षी दलों के सांसद शामिल रहे।राहुल गांधी अपने सरकारी आवास से विपक्षी नेताओं के साथ एक बस में गांधी स्मृति के लिए रवाना हुए। हालांकि, यात्रा शुरू होने से पहले उनके आवास के बाहर दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर बस को कुछ समय के लिए रोक दिया। पुलिस और नेताओं के बीच बातचीत के बाद रास्ता खोला गया और काफिला आगे बढ़ सका।रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने कहा कि देशभर के छात्र अपने भविष्य को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और ऐसे समय में विपक्ष का दायित्व है कि वह उनके साथ खड़ा रहे। उन्होंने कहा कि पहले इंडिया गेट जाने की योजना थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने पर गांधी स्मृति जाने का निर्णय लिया गया। उनका कहना था कि विपक्ष छात्रों की आवाज संसद से लेकर सड़क तक उठाता रहेगा।मार्च से पहले राहुल गांधी के आवास पर विपक्षी सांसदों की बैठक भी हुई, जिसमें नीट पेपर लीक, संसद में सरकार को घेरने की रणनीति और छात्रों के समर्थन में संयुक्त कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई। बैठक के मद्देनज़र दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और आवास के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ भी वहां जुटी रही।नीट विवाद को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग कर रहा है। विपक्ष की प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की जवाबदेही तय करना, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करना शामिल है।विपक्षी दलों का कहना है कि गांधी स्मृति तक की यह यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन लाखों छात्रों के समर्थन का प्रतीक है, जो परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं से प्रभावित हुए हैं। नेताओं ने छात्र आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले युवाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ पुलिस कार्रवाई में घायल छात्रों के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया।



