अमरावती के अस्पताल के NICU में आग, तीन नवजातों की मौत

अमरावती, जनमुख न्यूज़। महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल की नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में तड़के करीब 3:30 बजे आग लगने से तीन नवजातों की मौत हो गई। हादसे के समय अस्पताल की तीसरी मंजिल स्थित NICU में 39 नवजातों का इलाज चल रहा था।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वेंटिलेटर में विस्फोट के बाद NICU में आग लगी। आग लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल कर्मचारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और NICU में भर्ती नवजातों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया।हादसे के बाद छह नवजातों को बेहतर इलाज के लिए सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। अन्य बच्चों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

