स्कूल में पांच वर्षीय छात्र के साथ क्रूरता का आरोप, शिक्षिका समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के अकथा स्थित एक निजी स्कूल में प्ले ग्रुप के पांच वर्षीय छात्र के साथ अमानवीय व्यवहार का आरोप सामने आया है। बच्चे के पिता की तहरीर पर पुलिस ने स्कूल की प्रिंसिपल, शिक्षिका और एक अज्ञात प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में बच्चे के पिता, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार को उनके बेटे ने कक्षा के दौरान शौचालय जाने की अनुमति मांगी, लेकिन शिक्षिका ने उसे जाने नहीं दिया। इसके चलते बच्चे के कपड़ों में पेशाब हो गया।
पीड़ित बच्चे के पिता के अनुसार, इसके बाद शिक्षिका कथित तौर पर बच्चे को दूसरे कमरे में ले गईं, जहां गैस लाइटर से चाकू गर्म कर उसके निजी अंग को दाग दिया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि बच्चे के साथ मारपीट की गई और दोबारा ऐसी गलती होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
परिजनों के अनुसार, घर पहुंचने पर बच्चे ने अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार ने स्कूल प्रशासन से संपर्क किया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर स्कूल की प्रिंसिपल हेमलता सिंह, शिक्षिका प्रीति कुशवाहा और अज्ञात प्रबंधक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मेडिकल रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

