पर्यटन विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की पर्यटन मंत्री की समीक्षा

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में वाराणसी मंडल में निर्माणाधीन परियोजनाओं की भौतिक व वित्तीय प्रगति तथा पर्यटन अवस्थापना सुविधाओं के सृजन हेतु प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में संपन्न हुई।
यहाँ पर पीपीटी के माध्यम से सभी कार्यों का प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया गया और इसके बेहतर क्रियान्वयन के लिए सभी मुख्य बिंदुओं पर गहनता से विचार विमर्श किया गया।इसमें वाराणसी में विधानसभा वॉर निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं जैसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के गाँव करखियाँव के सौंदर्यीकरण व पर्यटन, लमही स्थित मुंशी प्रेम चंद के घर को संग्रहालय के रूप में विकसित किये जाने,आध्यात्मिक परिपथ के अंतर्गत कर्मदेश्वर महादेव मंदिर के पर्यटन विकास के कार्य, कपिल धारा मंदिर(पंचकोसी) फसाड लाइटिंग के कार्य, गुरु धाम व नागा बाबा मंदिर के पर्यटन विकास, माधोपुर स्थित शूलटंकेश्वर मंदिर के विकास, दशाश्वमेध घाट के जीर्णोद्धार एवं पर्यटन सुविधाओं का विकास, सारनाथ स्थित धमेख स्तूप पर लाइट एंड साउंड शो के कार्य,सारनाथ में स्थित राही पर्यटक आवास गृह के उच्चीकरण, पर्यटन आवास गृह परेड कोठी के उच्चीकरण एवं पर्यटन विकास, केदार घाट व समीपस्थ घाट पर पर्यटन सुविधाओं का विकास, वाराणसी रेलवे स्टेशन पर स्थापित पर्यटन सूचना केन्द्र का उच्चीकरण सहित अन्य विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं के भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार बारी-बारी से गाजीपुर,जौनपुर व चंदौली में पर्यटन विभाग द्वारा स्वीकृत और निर्माणाधीन परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति जानकारी ली गई।पर्यटन मंत्री ने कहा कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को दिसंबर माह से पहले हर हाल में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।निर्माण कार्यों में मानक और गुणवत्ता के साथ संबद्धता का भी ध्यान रखें।उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं से कहा कि जिस भी विधानसभा में पर्यटन विकास संबंधित कार्य किए जा रहे हों,उस संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि को अवश्य अवगत कराएं।कहा कि जिन परियोजनाओं में अभी काम शुरू नहीं हुआ, उसे एक सप्ताह के अंदर शुरू कराने के निर्देश दिए।साथ ही अनावश्यक निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाली कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं को सख्त हिदायत भी दी।कहा कि विलंबित निर्माण कार्यों में श्रमिक और संसाधन बढ़ाकर तेजी लाने के निर्देश दिए।इस बैठक में महापौर अशोक तिवारी,आयुष मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र दयालु,राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा,विधायक अवधेश सिंह,नीलकंठ तिवारी,सुनील पटेल,त्रिभुवन राम,जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या,अदिति पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अपर मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजात,जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार,वीसी वीडीए पूर्ण वोहरा,सीडीओ प्रखर कुमार सिंह,काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ विश्व भूषण मिश्र तथा कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता मौजूद रहे।

