गाजीपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, नहर किनारे मिला शव; पुलिस जांच में जुटी

गाजीपुर, जनमुख न्यूज़। जिले के शादियाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। करीमुल्लाहपुर नहर के पास अज्ञात हमलावरों ने 26 वर्षीय युवक की कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार, सुबह खेतों की ओर गए किसानों ने नहर के पास युवक का शव पड़ा देखा। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची शादियाबाद थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस जांच में मृतक की पहचान मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव निवासी रोहित यादव (26) के रूप में हुई। शव की शिनाख्त उसके मामा मुकेश यादव ने की।
थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक के दाहिने कनपटी पर गोली लगने का निशान मिला है। घटनास्थल पर फैला खून सूख चुका था, जिससे आशंका है कि वारदात बुधवार देर रात अंजाम दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले के खुलासे के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य जरूरी जांच भी की जा रही है।

