उपचुनाव नतीजों पर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- ‘भगवान ने घमंड का बुखार उतार दिया’

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर चुनाव परिणामों को जनता के गुस्से और युवाओं की एकजुटता का परिणाम बताया।
अखिलेश यादव ने लिखा कि “भगवान को नचाने का अहंकार रखने वालों को भगवान ने ही नचा दिया। अपने को भगवान से ऊपर समझने वालों को भगवान ने चलती गाड़ी से नीचे उतार दिया और उनके घमंड का बुखार भी उतार दिया।
“उन्होंने दावा किया कि भाजपा की हार युवाओं और उनके अभिभावकों के आक्रोश का नतीजा है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई, आरक्षण से जुड़े विवाद और जनता के विश्वास से जुड़े कई मुद्दों ने लोगों में नाराजगी पैदा की, जिसका असर चुनाव परिणामों में दिखाई दिया।भाजपा के संगठनात्मक नेतृत्व पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अब पार्टी के भीतर भी जवाबदेही तय करने की मांग उठेगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो नेता अपनी ही विधानसभा सीट नहीं जिता पाए, उनके नेतृत्व पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
सपा प्रमुख ने उपचुनाव के नतीजों को “डबल इंजन की डबल हार” बताते हुए कहा कि भाजपा की परंपरागत मजबूत मानी जाने वाली सीटों पर भी जनता ने बदलाव का संदेश दिया है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भाजपा के लिए चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार ढूंढना भी चुनौती बन सकता है।
अंत में अखिलेश यादव ने उपचुनाव में विजयी सभी उम्मीदवारों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “लड्डू तो भाजपा के अंदर भी बंट रहे हैं।”

