निशिकांत दुबे की टिप्पणी के विरोध में वाराणसी में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, सांसद से माफी और कार्रवाई की मांग

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को वाराणसी में महानगर युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप निशिकांत दुबे के चित्र को प्रतीकात्मक रूप से गटर में डालकर अपना आक्रोश जताया।
प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा ने किया, जबकि प्रदेश सह-प्रभारी नरसिम्हा यादव भी इसमें शामिल रहे। प्रदर्शन के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने प्रदर्शन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध जारी रखा।
युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि निशिकांत दुबे ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी कर स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत और देशवासियों की भावनाओं का अपमान किया है। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा नेतृत्व से सांसद के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन देश के महान नेताओं के प्रति अपमानजनक भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ऐसे बयानों पर कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे गलत संदेश जा रहा है।
प्रदर्शन में मौजूद नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सांसद निशिकांत दुबे अपनी टिप्पणी पर माफी नहीं मांगते हैं, तो उनके वाराणसी आगमन पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश सह-प्रभारी नरसिम्हा यादव, महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा, अनुपम राय, ओम शुक्ला, धीरज सोनकर, विनीत चौबे, मो. जीशान, अश्वनी यादव, उत्कर्ष पांडेय, आशुतोष श्रीवास्तव, सुजान खान, सूरज यादव, जमाल अहमद, सिद्धार्थ केशरी, सोनू तिवारी सहित अन्य युवा कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

