श्रावण मास में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बाबा विश्वनाथ का किया जलाभिषेक, प्रदेश की सुख-समृद्धि की मांगी कामना

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास की कामना की।
पूजन के बाद अजय राय ने कहा कि काशी भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है। बाबा विश्वनाथ समस्त सृष्टि के कल्याणकारी हैं और श्रावण मास भगवान शिव की आराधना के साथ सेवा, समर्पण और लोककल्याण का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि केवल पूजा-अर्चना ही नहीं, बल्कि समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना भी भगवान शिव की सच्ची उपासना है। काशी की आध्यात्मिक परंपरा पूरी दुनिया को “वसुधैव कुटुंबकम्” का संदेश देती है और सभी को सत्य, करुणा तथा मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।अजय राय ने प्रार्थना की कि बाबा विश्वनाथ की कृपा प्रदेश के प्रत्येक परिवार पर बनी रहे तथा सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, आरोग्य और शांति का वास हो।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, श्रीप्रकाश सिंह, मनीष मोरोलिया, ओमप्रकाश ओझा, अरुण सोनी, वकील अंसारी, प्रवीन प्रकाश सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं और कांग्रेसजनों ने भी सहभागिता की।

