ज्ञानवापी: हिन्दू पक्ष को झटका, नमाज़ रोकने की मांग खारिज

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। वाराणसी की कोर्ट ने ज्ञानवापी के व्यासजी तहखाने में नमाजियों की एंट्री पर रोक लगाने की हिंदू पक्ष की याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने कस्टोडियन जिलाधिकारी वाराणसी को तहखाने में किसी भी तरह के मरम्मत काम न कराने का आदेश दिया है। वहीं सिविल जज सीनियर डिवीजन हितेश अग्रवाल ने व्यासजी तहखाने में चल रही पूजा को यथावत रखने का आदेश भी दिया। दरअसल, व्यासजी तहखाने की छत पर नमाज पढ़ी जाती है और तहखाने में पूजा होती है। हिन्दू पक्ष ने अपील की थी कि व्यासजी की छत पर नमाजियों का प्रवेश निषेध किया जाए। याचिका निरस्त होने के बाद अब हिन्दू पक्ष तहखाने की मरम्मत कराने की मांग करते जिला कोर्ट में अपील करेगा। हिन्दू पक्ष ने याचिका में मांग की थी कि व्यासजी का तहखाना बहुत प्राचीन है। छत कमजोर हो चली है। छत से बराबर पानी टपकता है। तहखाने की छत पर नमाजियों के एकत्रित होने से छत बैठ सकती है। ऐसे में तहखाने की मरम्मत बहुत जरूरी है। साथ ही नमाजियों को छत पर आने से रोका जाए। बताते चले कि १६ दिसम्बर २०२३ को याचिका नंदीजी महाराज विराजमान की ओर से लखनऊ जन उद्धोष सेवा संस्था की सदस्य कानपुर की आकांक्षा तिवारी, लखनऊ के दीपक प्रकाश शुक्ला, अमित कुमार और सुविद प्रवीण ने दाखिल की थी।

