करहल उपचुनाव में भाजपा का बड़ा दांव, मुलायम परिवार में ही करा दी जंग

लखनऊ, जनमुख न्यूज। भारतीय जनता पाटीa ने करहल विधानसभा उपचुनाव में बड़ा दांव खेलते हुए मुलायम सिंह यादव के दामाद को ही प्रत्याशी बना दिया है। सपा सांसद धर्मेंद्र यादव के सगे बहनोई अनुजेश यादव को भाजपा ने टिकट देकर सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। अनुजेश यादव, मुलायम सिंह की भतीजी संध्या यादव के पति हैं। जो अब करहल सीट पर अपने भतीजे तेज प्रताप यादव के सामने चुनावी मैदान में ठोकेंगे ताल।
करहल उप चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को सुबह भाजपा ने टिकट की घोषणा की। यहां भाजपा का मुकाबला सीधे सैफई परिवार से है। ऐसे में सैफई परिवार के रिश्तेदार को ही भाजपा ने मैदान में उतार कर लड़ाई को दिलचस्प बना दिया है। अभी तक करहल विधानसभा सीट पर भाजपा की जीत असंभव मानी जा रही थी। लेकिन मुलायम सिंह के रिश्तेदार को ही टिकट देकर भाजपा ने सभी को चौंका दिया है और इस सीट पर अपनी उम्मीदों को भी जिंदा रखा है। अनुजेश सांसद धर्मेंद्र यादव के सगे बहनोई हैं। धर्मेंद्र यादव की बहिन संध्या उर्फ बेबी यादव २०१५ से २०२० तक मैनुपरी से जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। वहीं अनुजेश भी फिरोजाबाद से इसी कार्यकाल में जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं।
फिरोजाबाद के गांव भारौल निवासी अनुजेश प्रताप यादव अब सपा प्रत्याशी मुलायम सिंह यादव के पौत्र तेजप्रताप से करहल में दो-दो हाथ करेंगे। ऐसे यहां मुकाबला सैफई परिवार और रिश्तेदार के बीच होगा।

