संपत्ति विवाद में मां-बेटी की हत्या कर लगाई आग

कप्तानगंज, जनमुख न्यूज। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के कप्तानगंज थानाक्षेत्र के सेंठा गांव में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जिसमें ५८ वर्षीय मां और २४ वर्षीय बेटी की हत्या करके कमरे में आग लगा दी गई। बुधवार सुबह एक ही तख्त पर दोनों का झुलसा हुआ शव मिला। जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच यह घटना सामने आने के बाद गांव में सनसनी फैल गई।मृतका की बड़ी बेटी ने थाने में अपने चचेरे भाई, बड़े पिता और उनके परिवार के अन्य सदस्यों सहित आठ आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस हत्या और साक्ष्य नष्ट करने के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। मौके पर पहुंचे एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद को लेकर घटना होने की बात बताई जा रही है। घटना के पर्दाफाश के लिए स्वाट, एसओजी, सर्विलांस सहित चार टीमें लगाई गई हैं। जानकारी के मुताबिक, सेंठा गांव के अवधेश उपाध्याय की कैंसर के चलते अक्तूबर २०२१ में मृत्यु हो गई थी। उनकी दो शादी हुई थी। पहली पत्नी से एक बेटा करुणाकर व बेटी सुधा है। पत्नी की मृत्यु के बाद उन्होंने आशा कार्यकत्री गोदावरी से दूसरी शादी की। जिससे तीन बच्चे सरिता, राजन और सौम्या हैं। बच्चों में सिर्फ सौम्या की शादी नहीं हुई है।

