ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पर टहल रहा युवक ट्रेन की चपेट में आया, दर्दनाक मौत

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। लोहता थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के सामने बुधवार सुबह एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बखरिया गांव निवासी 21 वर्षीय अमन पाल बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे टहल रहा था। बताया जा रहा है कि उसके दोनों कानों में ईयरफोन लगे हुए थे। इसी दौरान नई दिल्ली से वाराणसी आ रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी और युवक उसकी चपेट में आ गया।
हादसा इतना भीषण था कि युवक के शरीर के दो हिस्से हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।सूचना पर पहुंची लोहता पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मृतक अमन पाल दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। बेटे की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां उर्मिला पाल का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है।

