घाट से लेकर विश्वनाथ गली तक छांव का इंतजाम

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। सूर्यदेव के तल्ख तेवर व लगातार बढ़ रहे तापमान से आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित करना शुरू कर दिया है। तीखी धूप से लोगों का पैदल चलना दूभर हो गया है।इसे देखते हुए नगर निगम ने शहर में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय राहगीरों को राहत देने के लिए एक सराहनीय पहल की है।
गंगा स्नान करने के बाद बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने वाले श्रद्धालुओं को अब चिलचिलाती धूप में नहीं झुलसना पड़ेगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर नगर निगम की ओर से दशाश्वमेघ घाट से लेकर काशी विश्वनाथ गली के मोड़ तक 75 मीटर तक विशेष रूप से ‘हरा पर्दा’ (ग्रीन शेड) लगवाया गया है। इससे बाबा के दर्शन-पूजन के लिए कतारों में खड़े होने वाले और तंग गलियों से गुजरने वाले देश-विदेश के हजारों श्रद्धालुओं को सीधी धूप से बड़ी राहत मिलेगी।
इसके अलावा निगम मलदहिया, रथयात्रा, तेलियाबाग सहित शहर के अन्य प्रमुख तिराहे व अन्य प्रमुख चौराहे पर भी निगम ने बड़े-बड़े हरे पर्दे (ग्रीन नेट) लगवा दिए हैं, ताकि लाल बत्ती (ट्रैफिक सिग्नल) पर रुकने वाले दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को कुछ पल के लिए छांव मिल सके और वे हीट स्ट्रोक (अंशूघात) से बच सकें।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के मुताबिक, आने वाले दिनों में शहर के कुछ अन्य व्यस्त तिराहों को भी इस योजना के तहत कवर किया जाएगा।

