सूर्या हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया; पांचवें आरोपी की तलाश जारी

गाजियाबाद, जनमुख न्यूज़। खोड़ा क्षेत्र में बकरीद के दिन 17 वर्षीय सूर्या चौहान की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया, लेकिन गोली लगने से घायल असद की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि 50 हजार रुपये का इनामी आरोपी असद अपने एक साथी से पैसे लेने के लिए खोड़ा क्षेत्र में आने वाला है। इसके बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर उसे पकड़ने की योजना बनाई। कुछ देर बाद असद अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया।
पुलिस का दावा है कि रुकने के बजाय असद ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें असद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
घटनास्थल से पुलिस ने आरोपी की मोटरसाइकिल और एक देसी पिस्तौल बरामद की है। हालांकि, असद के साथ मौजूद उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
गौरतलब है कि सूर्या चौहान की हत्या का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें कुछ युवक उस पर चाकू से हमला करते दिखाई दिए थे। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। असद इस हत्याकांड का चौथा और मुख्य आरोपी था, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में शामिल पांचवें आरोपी की तलाश जारी है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

