बाइक विवाद में छात्र की हत्या का आरोप, तीन गिरफ्तार; इलाके में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई

गाजियाबाद, जनमुख न्यूज़। खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार में 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में हत्या की धारा जोड़ते हुए मुख्य आरोपी के पिता नवाब, उसके साथी आतिफ और फरहान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दो अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।पुलिस के अनुसार, बकरीद के दिन सुबह सूर्या और मुख्य आरोपी के बीच बाइक चलाने को लेकर विवाद हुआ था।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे और अक्सर संपर्क में रहते थे। आरोप है कि आरोपी ने सूर्या को बकरीद के मौके पर कुर्बानी दिखाने और ईद की मुबारकबाद देने के बहाने बुलाया था। कुछ देर बातचीत के बाद सूर्या निर्धारित स्थान पर पहुंचा, जहां उस पर चाकू से हमला कर दिया गया।सूत्रों के मुताबिक हमले के दौरान चाकू करीब चार इंच तक शरीर में घुस गया था, जिससे सूर्या गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और तनाव का माहौल है। शनिवार को पीड़ित परिवार के घर पर विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। तनाव की आशंका को देखते हुए मुख्य बाजार की कई दुकानें बंद रहीं, जबकि कुछ दुकानदारों ने आधे शटर खोलकर कारोबार किया। क्षेत्र की गलियों में सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों से स्थिति पर नजर रखते दिखाई दिए।प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं और आरोपियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

