आशा ट्रस्ट के समर कैंप का शुभारंभ, रचनात्मक गतिविधियों से सीखेंगे बच्चे

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। चौबेपुर क्षेत्र के भंदहा कला गांव स्थित आशा पुस्तकालय एवं अध्ययन केंद्र पर सामाजिक संस्था आशा ट्रस्ट द्वारा पांच दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ किया गया। इस समर कैंप में संस्था द्वारा विभिन्न स्थानों पर संचालित शिक्षण केंद्रों से जुड़े करीब 40 बच्चे भाग ले रहे हैं।
आशा ट्रस्ट के समन्वयक वल्लभाचार्य पाण्डेय ने बताया कि समर कैंप के दौरान बच्चों को कहानी, कविता, नाटक, चित्रकला, कठपुतली, विज्ञान और स्वच्छता अभियान जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से नई चीजें सीखने और समझने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम संयोजक दीन दयाल सिंह ने कहा कि यह समर कैंप बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का एक उत्सव है। इससे बच्चों में नवाचार, आत्मविश्वास और सीखने की रुचि विकसित होगी।
उन्होंने बताया कि कैंप का समापन 25 मई को किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रदीप सिंह, सौरभ चन्द्र, अमित कुमार, अवनीश पाण्डेय, रमेश प्रसाद, सनी, ब्रिजेश कुमार, अमृता और जेसिका समेत कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

