15 दिनों में गली पिट की मरम्मत और सफाई का अल्टीमेटम, लापरवाही पर नपेंगे अफसर

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। मानसून से पहले शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम पूरी तरह से सजग है । इस क्रम में निगम शहर सभी छोटे-बड़े नाले, सीवर, गलीपिटों को साफ करा रहा है ।
सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में गुरुवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ शहर में चल रहे नालों की सफाई और विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। मानसून के आगमन को ध्यान में रखते हुए महापौर ने समयबद्धता और गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया और अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने सभी विभागों को। आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया । उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।समीक्षा बैठक के दौरान कार्यों में पारदर्शिता और तेजी लाने के लिए अलग-अलग विभागों की जवाबदेही तय की गई। इस क्रम में सामान्य विभाग को छोटे।
नालों की सफाई और गली पिट की मरम्मत का कार्य करने का निर्देश दिया। वहीं जलकल विभाग सीवेज लाइन की सफाई और सुपर सकर मशीनों के जरिए सीवर जाम की समस्या का निपटारा करेगा। कहा कि सभी अधिकारी प्रतिदिन किए गए नाला व गलीपिट सफाई का विवरण सौंपें। शहर के नालों को अभियान चलाकर पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कराया जाए ताकि पानी का बहाव न रुके। महापौर ने अब तक साफ किए जा चुके नालों की पूरी सूची तलब की है ताकि उनकी औचक जांच कराई जा सके। वह स्वयं सोमवार से सुबह 7.30 बजे से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नाला सफाई के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। कागजों पर सफाई दिखाने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में नाला सफाई के साथ-साथ शहर में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की । महापौर ने सभी विकास कार्य समयबद्ध तरीके से और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों को 15 दिनों का विशेष अभियान चलाकर सभी गलीपिट की सफाई और मरम्मत कार्य को युद्धस्तर पर पूरा करने का अल्टीमेटम दिया है।
बैठक जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह, ओपी सिंह, नगर स्वास्थ अधिकारी डा. सुरेंद्र कुमार चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे ।

