ललिता घाट पर गंगा में डूबा बरेली का युवक, एनडीआरएफ ने एक घंटे बाद निकाला शव

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। दशाश्वमेघ घाट स्थित ललिता घाट पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब काशी घूमने आया एक युवक गंगा में स्नान के दौरान डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग, नाविक समाज और पुलिस मौके पर पहुंच गई।सूचना पर 11वीं बटालियन एनडीआरएफ और दशाश्वमेघ घाट की जल पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव गंगा से बरामद कर लिया गया।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान किशन मेहरोत्रा (19) पुत्र अरुण जायसवाल, निवासी बरेली के रूप में हुई। बताया गया कि किशन अपने दोस्त कुनाल जायसवाल के साथ काशी घूमने आया था। दोनों गंगा स्नान के लिए ललिता घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान किशन अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह पानी में समा चुका था।
घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया और युवक के शव को बाहर निकाला। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
जानकारी के अनुसार किशन के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां और मामा वाराणसी के लिए रवाना हो चुके हैं।फिलहाल पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को कब्जे में ले लिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम समेत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

