अजय राय को बदनाम करने की साजिश, AI वीडियो की जांच हो: रीना राय

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की पत्नी रीना राय ने रविवार को वाराणसी के मैदागिन स्थित राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में अपने पति के खिलाफ चलाए जा रहे कथित दुष्प्रचार अभियान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा सुनियोजित तरीके से अजय राय की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है।
रीना राय ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्द कहने संबंधी वायरल वीडियो को पूरी तरह फर्जी बताते हुए कहा कि यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से तैयार किया गया है। उन्होंने इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि अजय राय स्वस्थ और मर्यादित राजनीति में विश्वास करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के निधन पर उन्होंने श्रद्धांजलि दी थी और जब अजय राय बीमार थे, तब प्रधानमंत्री ने भी उनका हालचाल लिया था। ऐसे में उनके खिलाफ इस तरह का प्रचार पूरी तरह राजनीतिक साजिश है।
उन्होंने कहा कि भाजपा अजय राय की बढ़ती लोकप्रियता और जनता के बीच उनकी सक्रियता से घबराई हुई है। महोबा की दलित छात्रा प्रकरण में अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और न्याय की मांग उठाई, जिससे सरकार असहज हो गई। अब जनता का ध्यान असली मुद्दों से हटाने के लिए एआई आधारित भ्रामक वीडियो और मुकदमों का सहारा लिया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे और जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अजय राय के खिलाफ दर्ज एफआईआर राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित है। विपक्ष की आवाज दबाने के लिए तकनीक का दुरुपयोग किया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अजय राय लगातार किसानों, युवाओं, महिलाओं, दलितों और बेरोजगारों के मुद्दे उठाते रहे हैं। नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं में हुए पेपर लीक मामलों में भी उन्होंने छात्रों की आवाज बुलंद की। भाजपा सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय विपक्षी नेताओं के खिलाफ दुष्प्रचार में लगी है।
कांग्रेस नेताओं ने महोबा की पीड़ित छात्रा मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों को कड़ी सजा, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, सामाजिक न्याय और महिला सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
पत्रकार वार्ता में रीना राय, जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, गुलशन अंसारी, रमजान अली, वकील अंसारी, अनुराधा यादव, पूनम विश्वकर्मा समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

