वाराणसी में मवेशी बांधने को लेकर विवाद बना जानलेवा: किसान की इलाज के दौरान मौत, तीन पर केस

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। रोहनिया थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव में मवेशी बांधने की जगह को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया, जिसमें एक किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घमहापुर निवासी लालधर पटेल अपने मवेशियों को बांधने वाली जगह को ऊंचा करने के लिए ईंट उखाड़ रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी लक्ष्मी नारायण पटेल से उनकी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें कई लोग घायल हो गए।इस दौरान लालधर पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। लालधर पटेल पेशे से किसान थे और परिवार के मुखिया थे। उनके निधन से घर में कोहराम मच गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या (धारा 304) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

