वाराणसी में फिर मिला कोरोना संक्रमित मरीज, बीएचयू में भर्ती; डॉक्टर बोले- वायरस अभी खत्म नहीं हुआ

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। शहर में एक बार फिर कोरोना संक्रमण की दस्तक ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। बीएचयू अस्पताल में जांच के दौरान 27 वर्षीय युवक की कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमित युवक वाराणसी के आशापुर क्षेत्र का निवासी है और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डॉक्टरों के अनुसार युवक पिछले कई दिनों से सांस लेने में तकलीफ की शिकायत कर रहा था। जांच के लिए उसे बीएचयू के चेस्ट एंड टीबी विभाग भेजा गया, जहां कोविड जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई।
आईएमएस-बीएचयू के चिकित्सकों का कहना है कि कोरोना वायरस पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। हालांकि, अब अधिकांश लोगों के शरीर में संक्रमण या टीकाकरण के कारण पर्याप्त प्रतिरोधक क्षमता (एंटीबॉडी) विकसित हो चुकी है, इसलिए पहले की तुलना में गंभीर मामलों की संख्या काफी कम देखने को मिल रही है।
चिकित्सकों ने बताया कि बीएचयू अस्पताल में लगभग हर महीने एक या दो मरीजों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आती है। यह इस बात का संकेत है कि वायरस अभी भी मौजूद है और छिटपुट रूप से लोगों को संक्रमित कर रहा है।
विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि यदि बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दें तो लापरवाही न बरतें और समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेकर आवश्यक जांच कराएं। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने और व्यक्तिगत स्वच्छता का पालन करने की सलाह दी है।

