दालमंडी चौड़ीकरण अभियान तेज: पांच मस्जिदों के हिस्सों का ध्वस्तीकरण शुरू

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत बुधवार को प्रशासन ने बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान प्रभावित पांच मस्जिदों के प्रबंधन की सहमति के बाद उनके चौड़ीकरण की जद में आने वाले हिस्सों को हटाने का कार्य शुरू किया गया। साथ ही 54 पुराने भवनों पर भी जेसीबी मशीनों से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
सुबह करीब 7 बजे प्रशासनिक टीम दालमंडी पहुंची और सबसे पहले टीन शेड लगाकर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई। इसके बाद चौक थाने के पीछे स्थित मिर्जा करीमुल्लाह बेग मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने का कार्य शुरू हुआ। इसके अलावा संगमरमर मस्जिद, अली रजा खान मस्जिद, रंगीले शाह मस्जिद और निसारान मस्जिद के मुतवल्लियों ने भी स्वयं ध्वस्तीकरण कार्य में सहयोग किया।
पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। मौके पर स्थानीय पुलिस, पीएसी, सीआरपीएफ और आरआरएफ सहित बड़ी संख्या में सुरक्षाबल तैनात रहे। ड्रोन कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई और 13 स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर आवागमन नियंत्रित किया गया। एहतियातन मीडिया और आम लोगों के प्रवेश पर भी अस्थायी रोक लगाई गई।
कार्रवाई की निगरानी अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर, डीआईजी शिव हरि मीणा, एडीएम राजेश कुमार, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त मृत्युंजय नारायण मिश्रा सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने की।
प्रशासन के अनुसार दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत कुल 181 मकान और छह मस्जिदें प्रभावित हैं। इनमें से अधिकांश भवनों पर कार्रवाई पूरी की जा चुकी है। लंगड़े हाफिज मस्जिद को छोड़कर अन्य पांच मस्जिदों के प्रबंधन ने प्रभावित हिस्से हटाने पर सहमति दी थी। प्रशासन का कहना है कि परियोजना के तहत ध्वस्तीकरण का कार्य सुरक्षा व्यवस्था के बीच चरणबद्ध तरीके से आगे भी जारी रहेगा।

