मुंडन से लौटते परिवार की कार को डंपर ने रौंदा, 6 की मौत; खुशियां मातम में बदलीं

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उन्नाव/बक्सर मार्ग पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मुंडन संस्कार कर लौट रहे एक परिवार की बोलेरो को तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, पठई गांव निवासी मालती अपने तीन वर्षीय बेटे सूरज उर्फ शुभ का मुंडन कराने परिजनों के साथ बक्सर स्थित चंडिका देवी मंदिर गई थीं। पूजा-अर्चना और रस्में पूरी करने के बाद सभी लोग बोलेरो से घर लौट रहे थे। रास्ते में कीरतपुर गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने वाहन को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और वह डंपर के नीचे दब गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
हादसे में घायल मालती अपने बेटे शुभ को गोद में लेकर मलबे में फंसी मिलीं। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद डंपर चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
जिस घर में मुंडन के बाद भोज की तैयारी चल रही थी, वहां अब मातम पसरा है। एक ही परिवार के कई लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

