श्रावण मास की तैयारियां अंतिम चरण में, काशीवासियों को रोज मिलेगा झांकी दर्शन; VIP दर्शन पर रहेगी पूरी तरह रोक

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। आगामी श्रावण मास को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंगलवार को धाम के बोर्ड रूम में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, सीआरपीएफ, एनडीआरएफ और मंदिर न्यास के अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस वर्ष श्रावण मास 30 जुलाई से 28 अगस्त (रक्षाबंधन) तक रहेगा।
बैठक में पेयजल, चिकित्सा, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा, साफ-सफाई, पार्किंग, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम), ई-रिक्शा संचालन और सीसीटीवी निगरानी सहित सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही मंदिर के आसपास लटक रहे बिजली के तारों को व्यवस्थित करने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
मंदिर प्रशासन ने बताया कि इस बार भीड़ प्रबंधन के लिए जिग-जैग बैरिकेडिंग को और मजबूत किया जाएगा। श्रद्धालुओं को गर्मी और उमस से राहत देने के लिए इंडस्ट्रियल एयर कूलर लगाए जाएंगे। धाम परिसर में नियमित अंतराल पर ठंडे पेयजल, ओआरएस और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
काशीवासियों के लिए विशेष व्यवस्था के तहत श्रावण सोमवार और प्रमुख पर्वों को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 4 से 5 बजे तथा शाम 4 से 5 बजे तक झांकी दर्शन की सुविधा दी जाएगी।
जो श्रद्धालु धाम तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के आधिकारिक यूट्यूब चैनल, मंदिर की वेबसाइट और अधिकृत प्रसारण माध्यमों के जरिए लाइव दर्शन की व्यवस्था भी रहेगी।
श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन की अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे खाली पेट दर्शन के लिए कतार में न लगें, क्योंकि अधिक भीड़ के कारण प्रतीक्षा अवधि लंबी हो सकती है। साथ ही मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन, तंबाकू, नशीले पदार्थ, बड़े बैग और अन्य प्रतिबंधित सामान लेकर धाम न आएं। इन वस्तुओं को अपने होटल या घर पर ही छोड़कर आने की सलाह दी गई है।
VIP और प्रोटोकॉल दर्शन पर रोक
श्रावण मास के दौरान किसी भी प्रकार के विशेष या प्रोटोकॉल दर्शन की अनुमति नहीं होगी। मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर से आने वाले विशेष दर्शन के अनुरोध स्वीकार नहीं किए जाएंगे। श्रद्धालुओं से दलालों और प्रलोभन देने वाले लोगों से सावधान रहने की अपील भी की गई है।
श्रृंगार का कार्यक्रम
श्रावण के चारों सोमवार को बाबा विश्वनाथ का विशेष श्रृंगार किया जाएगा—
3 अगस्त: शंकर स्वरूप श्रृंगार
10 अगस्त: गौरी-शंकर श्रृंगार
17 अगस्त: अर्धनारीश्वर श्रृंगार
24 अगस्त: रुद्राक्ष श्रृंगार
27 अगस्त (पूर्णिमा): झूला श्रृंगार
28 अगस्त (रक्षाबंधन): सामान्य दर्शन
विशेष सुविधाएं रहेंगी उपलब्ध
श्रावण मास में वृद्ध, दिव्यांग और अशक्त श्रद्धालुओं के लिए गोदौलिया से मैदागिन तक निःशुल्क गोल्फ कार्ट सेवा चलाई जाएगी। धाम और आसपास छह स्थानों पर खोया-पाया केंद्र स्थापित होंगे। इसके अलावा चिकित्सा टीम, एंबुलेंस, पेयजल केंद्र, ओआरएस, बिस्किट, चॉकलेट और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

