काशी में अनोखे अंदाज में मनाया गया राहुल गांधी का जन्मदिन, भगवान परशुराम के स्वरूप में किया दूधाभिषेक

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का 56वां जन्मदिन बुधवार को धर्मनगरी काशी में अनोखे अंदाज में मनाया गया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें भगवान परशुराम के स्वरूप में प्रस्तुत करते हुए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दूध से अभिषेक किया। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी के एक हाथ में फरसा और दूसरे हाथ में संविधान दर्शाया गया।
गंगा तट पर आयोजित इस कार्यक्रम में ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रों के साथ विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उनके देश के नेतृत्व करने की प्रार्थना की।युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एवं अधिवक्ता विकास सिंह ने बताया कि धर्म और आध्यात्मिकता की नगरी काशी में मां गंगा की गोद में राहुल गांधी का जन्मदिन विशेष रूप से मनाया गया। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम ने धर्म की रक्षा के लिए कार्य किया था, उसी प्रकार राहुल गांधी देश में संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इसी भाव को प्रतीकात्मक रूप से प्रदर्शित करने के लिए उन्हें परशुराम स्वरूप में दर्शाया गया।
विकास सिंह ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कामना है कि राहुल गांधी स्वस्थ रहें और भविष्य में देश का नेतृत्व करें। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके प्रति अपनी आस्था और समर्थन व्यक्त किया।

