वीडीए की बड़ी कार्रवाई: बुद्ध नगर में 12 होटल सील, बिना स्वीकृत मानचित्र चल रहा था संचालन

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। वाराणसी विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण और बिना स्वीकृत मानचित्र संचालित हो रहे होटलों के खिलाफ सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने बुद्ध नगर क्षेत्र में संचालित 12 होटलों को सील कर दिया।वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने पाया कि संबंधित होटल संचालकों ने भवन निर्माण का नक्शा प्राधिकरण से स्वीकृत नहीं कराया था। इसके बावजूद वहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
निरीक्षण के बाद प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर सभी होटलों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हलचल का माहौल बना रहा। उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने कहा कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण या व्यावसायिक संचालन नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अवैध निर्माणों और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वीडीए ने भवन स्वामियों और कारोबारियों से अपील की है कि किसी भी निर्माण कार्य या व्यवसाय शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां जरूर प्राप्त करें, ताकि बाद में कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।

