जल संरक्षण का संकल्प: छात्राओं ने ली पानी बचाने की शपथ, घर-घर जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। लगातार गिरते भूजल स्तर और बढ़ते जल संकट को देखते हुए सोमवार को मछोदरी स्थित स्वामीनारायण मंदिर के महंत स्वामी प्रेम स्वरूप दास के आह्वान पर जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सामाजिक संस्था सुबह-ए-बनारस क्लब के बैनर तले भैरवनाथ स्थित श्री वल्लभ विद्यापीठ बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज में छात्राओं को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल और कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. मुक्ता पांडे के नेतृत्व में सैकड़ों छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे पानी का उपयोग केवल आवश्यकता के अनुसार करेंगी, जल की बर्बादी रोकेंगी तथा वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करेंगी।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि देश में लगातार गिरता भूजल स्तर भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। यदि समय रहते जल संरक्षण के प्रभावी उपाय नहीं अपनाए गए तो आने वाले वर्षों में पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने कहा कि आज भी देश के करोड़ों लोगों को पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पाता, इसलिए हर नागरिक का दायित्व है कि पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करे और वर्षा जल संचयन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए।
महंत स्वामी प्रेम स्वरूप दास ने संदेश देते हुए कहा, “बूंद-बूंद नहीं बचाएंगे, तो बूंद-बूंद को तरसेंगे।” उन्होंने लोगों से अपील की कि जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, शिक्षिकाएं और कॉलेज की बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

