काशी में पीएम मोदी का भव्य रोड शो, बाबा विश्वनाथ के दरबार में किया पूजन

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। प्रधानमंत्री Narendra Modi बुधवार को काशी पहुंचे, जहां उन्होंने Kashi Vishwanath Temple में दर्शन-पूजन किया। बरेका से मंदिर तक उन्होंने भव्य रोड शो किया, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
रोड शो के दौरान छह स्थानों पर ढोल-नगाड़े, शंखनाद और जयकारों के बीच प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया गया। बनारस रेलवे स्टेशन और लहुराबीर चौराहे समेत विभिन्न जगहों पर एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राओं और महिलाओं ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। बच्चों ने पीएम के लिए संदेश और उपहार भी तैयार किए थे।
मंदिर पहुंचने पर प्रधानमंत्री ने विधि-विधान से षोडशोपचार पूजा की। इस दौरान 51 ब्राह्मणों के शंखनाद और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। गर्भगृह में पंडितों ने विशेष पूजा कराई। पूजा के बाद पीएम मोदी ने त्रिशूल और डमरू दिखाकर श्रद्धालुओं का अभिवादन किया।
प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। गोदौलिया से मंदिर के गेट नंबर-4 तक जीरो ट्रैफिक व्यवस्था लागू रही और सुगम दर्शन कुछ समय के लिए रोक दिया गया।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद बच्चों से बातचीत भी की। उनकी एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।



