शिकोहाबाद में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: इटावा लूटकांड के दो आरोपी ढेर, एसओजी के दो जवान घायल

फिरोजाबाद, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में शुक्रवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में इटावा लूटकांड के दो आरोपियों को मार गिराया गया। करीब आधे घंटे तक चली इस मुठभेड़ में एसओजी के दो जवान भी गोली लगने से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि इटावा में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाश गाजियाबाद से झारखंड जा रही संबलपुर एक्सप्रेस में सवार हैं। सूचना के आधार पर इटावा एसओजी ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी ट्रेन से उतरकर भागने लगे और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई के बीच दोनों बदमाश नगला कन्हई क्षेत्र के एक गांव में स्थित स्कूल के पास छिप गए। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जवाबी फायरिंग की। करीब 30 मिनट तक चली मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को ढेर कर दिया गया।मृत बदमाशों की पहचान सुमित और अंकित उर्फ सीपू, निवासी इटावा, के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों 3 जुलाई को इटावा की फ्रेंड्स कॉलोनी में एक डॉक्टर से लूट की घटना में शामिल थे। इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि इन दोनों की तलाश जारी थी।मुठभेड़ के दौरान एसओजी के सिपाही डेविड चौहान और पुष्पेंद्र चौधरी गोली लगने से घायल हो गए।
दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डेविड की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है।पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। पूरे मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

