बहराइच में दर्दनाक हादसा: नदी किनारे हाथ-मुंह धोने गया 12 वर्षीय बालक मगरमच्छ का शिकार, गांव में दहशत

बहराइच, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। बौंडी थाना क्षेत्र के मुरौवा गांव में घाघरा (सरयू) नदी किनारे हाथ-मुंह धोने गए 12 वर्षीय बालक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया और उसे नदी में खींच ले गया। ग्रामीणों के प्रयास के बावजूद बालक को बचाया नहीं जा सका। बाद में उसका शव नदी से बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार, मुरौवा गांव निवासी सुनील सिंह (12) गुरुवार को अपने चाचा के साथ धान की रोपाई के लिए खेत गया था। शाम को काम समाप्त होने के बाद वह नदी किनारे हाथ-मुंह धोने पहुंचा। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे जबड़ों में दबोचकर नदी में खींच ले गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बालक को बचाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ के हमले के कारण सफलता नहीं मिल सकी। देर रात ग्रामीणों ने नदी में तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद करीब 10:30 बजे बालक का शव बरामद हुआ। बताया गया कि शव का एक पैर और पेट का हिस्सा मगरमच्छ ने क्षतिग्रस्त कर दिया था।
सुनील के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपने भाई-बहनों के साथ रहकर पढ़ाई करता था और माधवपुरवा-करेहना विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था।शुक्रवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। वहीं, नदी किनारे बसे ग्रामीणों में मगरमच्छ के हमले के बाद भय का माहौल है। प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा उपाय बढ़ाने और मगरमच्छ की निगरानी की मांग की जा रही है।

