वाराणसी में बिजली संविदा कर्मियों का सत्याग्रह, संविदा निगम में शामिल करने की उठी मांग

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। विद्युत संविदा मजदूर संगठन के आह्वान पर सोमवार को सैकड़ों संविदा कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर एक दिवसीय सत्याग्रह किया। नगरीय विद्युत वितरण मंडल प्रथम, सिगरा परिसर में आयोजित इस प्रदर्शन में कर्मचारियों ने नवगठित संविदा निगम में विद्युत विभाग के संविदा कर्मियों को शामिल करने की मांग प्रमुखता से उठाई।
संगठन के जोन प्रभारी विजय नारायण ने आरोप लगाया कि प्रबंधन संविदा कर्मचारियों को निगम में शामिल न करने के लिए बाधाएं खड़ी कर रहा है। उन्होंने राज्य सरकार और Yogi Adityanath से हस्तक्षेप कर विद्युत विभाग के हजारों संविदा कर्मियों को निगम में शामिल करने की मांग की, ताकि उन्हें बेहतर वेतन, सुरक्षा और सम्मान मिल सके।
वहीं, जिला अध्यक्ष रविंद्र पटेल ने कहा कि कुछ अधिकारी संविदा कर्मचारियों पर मानसिक दबाव बनाकर उनका शोषण कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रही विद्युत दुर्घटनाओं में कर्मचारियों की मौत के बावजूद स्थानीय स्तर पर उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
कार्यक्रम का संचालन उदयभान दुबे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूर्वांचल उपाध्यक्ष संदीप कुमार ने दिया। सत्याग्रह में संगठन के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

