यूपी बोर्ड रिजल्ट: वाराणसी के छात्रों का जलवा, हाईस्कूल में सूर्यदीप और इंटर में साक्षी बनीं जिला टॉपर

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में वाराणसी के मेधावी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। हाईस्कूल में क्वींस इंटर कॉलेज, लहुराबीर के छात्र सूर्यदीप प्रजापति ने 96.83 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉप किया। उनकी सफलता पर परिवार में खुशी का माहौल है। पिता रामबृक्ष और मां रानी देवी ने मिठाई खिलाकर बेटे की उपलब्धि का जश्न मनाया।
वहीं, इंटरमीडिएट में प्यारी देवी इंटर कॉलेज, नेवादा (बनकट) की छात्रा साक्षी पांडेय ने 94.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया। साक्षी की इस सफलता पर पिता बृजेश और मां रितु ने बेटी को आशीर्वाद दिया और गर्व जताया।
टॉपर्स की सूची में भी इस बार दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं। हाईस्कूल के टॉप-10 में कुल 22 छात्र शामिल हैं, जबकि इंटरमीडिएट के टॉप-10 में 12 परीक्षार्थियों ने जगह बनाई है। हाईस्कूल में 7वें से 9वें स्थान तक तीन-तीन छात्र और 10वें स्थान पर पांच छात्र शामिल हैं।
पिछले वर्षों की तरह इस बार भी ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
प्रदेश स्तर पर भी वाराणसी का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। हाईस्कूल में 91.47 प्रतिशत परिणाम के साथ जिला 25वें स्थान पर रहा, जबकि इंटरमीडिएट में 79.41 प्रतिशत के साथ 48वां स्थान मिला।
जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने सभी सफल छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेधावियों ने न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है।

