वाराणसी के रोहनिया में अतिक्रमण हटाने के दौरान हंगामा: महिलाओं ने बुलडोजर रोका, पुलिस से नोकझोंक

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। नगर निगम की टीम शनिवार को रोहनिया क्षेत्र के अविलेशपुर गांव में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची। जैसे ही मकानों पर बुलडोजर चलाना शुरू हुआ, वहां रह रही महिलाओं ने कड़ा विरोध शुरू कर दिया। महिलाएं बच्चों को लेकर बुलडोजर के सामने खड़ी हो गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।नगर निगम और पुलिस की टीम ने जब महिलाओं को हटाने की कोशिश की तो उनकी पुलिस से तीखी नोकझोंक हो गई। इस दौरान भावुक महिलाओं ने रोते हुए पुलिसकर्मियों को बद्दुआ दी। एक महिला हथौड़ा लेकर दरोगा के सामने खड़ी हो गई, जबकि दूसरी महिला डंडा लेकर विरोध जताती नजर आई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।स्थानीय महिला अर्चना ने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई से करीब 20 परिवारों की रोजी-रोटी छिन गई है। उन्होंने कहा कि आज की कार्रवाई के बाद इन परिवारों के चूल्हे नहीं जलेंगे। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं रोकी गई तो वे चक्काजाम करेंगे। वहीं कुछ महिलाओं ने पुलिस पर पैसा लेकर अराजकता करने के आरोप भी लगाए।प्रशासन की ओर से नगर निगम की टीम ने अविलेशपुर में सरकारी जमीन पर बने सभी 20 मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इसके बाद मलबा हटाकर जमीन पर टीनशेड की बाउंड्री बनाकर उसे लॉक कर दिया गया। अपर नगर आयुक्त और सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि यह जमीन सरकारी है और इस पर लंबे समय से अवैध कब्जा कर निर्माण किया गया था। कई बार नोटिस और खाली कराने के प्रयास किए गए, लेकिन जब कब्जा नहीं हटाया गया तो मजबूरन कार्रवाई करनी पड़ी।अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान रोहनिया, अखरी चौकी, चितईपुर और लोहता थाने की पुलिस के साथ अतिरिक्त फोर्स तैनात रही। महिलाओं के उग्र विरोध के चलते कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर हालात को नियंत्रित कर लिया। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल मौजूद है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

