वाराणसी में महिला की बेरहमी से हत्या: सिर कुचलकर खेत में फेंका शव, पहचान मिटाने की कोशिश

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। लोहता थाना क्षेत्र में एक महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। हमलावरों ने महिला की सिर कुचलकर हत्या करने के बाद शव को खेत में फेंक दिया। पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे और सिर पर पत्थर से कई वार किए गए।
मंगलवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे, तो करीब 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव देखकर सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल हरपालपुर गांव में सूचना दी और इसके बाद पुलिस को बुलाया गया।सूचना मिलते ही लोहता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, महिला का शव गांव के बाहर सुनसान स्थान पर पड़ा मिला, जिससे अंदेशा है कि हत्या कहीं और कर शव यहां लाकर फेंका गया है। पुलिस को घटनास्थल से एक आधार कार्ड भी मिला है, जिसके आधार पर महिला की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी और अपहरण के मामलों की जांच की जा रही है, साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटाए जा रहे हैं।

