वाराणसी एयरपोर्ट पर 70 लाख का विदेशी सोना बरामद, शारजाह से आए यात्री को डीआरआई ने किया गिरफ्तार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ₹70 लाख मूल्य का 24 कैरेट विदेशी सोना बरामद किया है। इस मामले में गुजरात के भुज निवासी विराल प्रेमजी चौहान को गिरफ्तार कर सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत न्यायालय में पेश किया गया।
डीआरआई अधिकारियों के अनुसार, उन्हें पहले से सूचना मिली थी कि शारजाह से वाराणसी आने वाली उड़ान के जरिए एक यात्री बड़ी मात्रा में सोने की तस्करी करने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने विमान के एयरपोर्ट पहुंचते ही यात्रियों के साथ-साथ विमान की भी गहन जांच की। तलाशी के दौरान विमान की एक सीट के नीचे पेस्ट (कम्पाउंड) के रूप में छिपाकर रखा गया 491.290 ग्राम वजन का 24 कैरेट विदेशी मूल का सोना बरामद हुआ।
अधिकारियों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब ₹70 लाख आंकी गई है।बरामदगी के बाद संदिग्ध यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच में कई अहम जानकारियां सामने आने के बाद डीआरआई ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। एजेंसी अब उसके यात्रा विवरण, संपर्कों और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह मामला किसी बड़े अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है। डीआरआई का कहना है कि पूछताछ के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही इस मामले में अन्य खुलासे हो सकते हैं।

