छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड में १६ नक्सली मारे गये, दो जवान घायल

रायपुर, जनमुख न्यूज। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच आज शनिवार सुबह हुई मुठभेड़ में १६ नक्सली मारे गये और दो जवान घायल हो गये हैं। इंसास और एसएलआर समेत बड़ी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं। मरने वाले नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने अपडेट देते हुए बताया कि १६ नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। दो जवानों को मामूली चोटें आर्इं हैं। खबर है कि इस मुठभेड़ में डीवीसीएम जगदीश ढेर हो गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ सुकमा जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र में हो रही है। उन्होंने बताया कि केरलापाल थाना क्षेत्र में नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर शुक्रवार को सुकमा जिला रिजर्व गार्ड डीआरजी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सीआरपीएफ के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रूक-रूक कर मुठभेड़ हो रही है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल और आस-पास के क्षेत्रों में सुरक्षाबलों का खोजी अभियान जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, सुकमा पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत केरलपाल इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी के बारे में विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर ऑपरेशन शुरू किया गया था। संयुक्त टीम २८ मार्च को तलाशी अभियान के लिए निकली थी और आज २९ मार्च सुबह से ही रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है।
जवानों ने नक्सलियों को चारों तरफ से घेर रखा है। मुठभेड़ में डीवीसीएम केडर के नक्सलिक जगदीश के भी मारे जाने की खबर है। हाल ही में २५ लाख का नक्सली सुधाकर भी मार गिराया गया था। मुठभेड़ में दो जवान घायल हुए हैं, जिन्हें सुकुमा के स्थानीय अस्पताल में लाया गया है।

