पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की हालत नाजुक, दिल्ली में आईसीयू में भर्ती; देशभर से दुआओं का सिलसिला जारी

नई दिल्ली जनमुख न्यूज़। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन की तबीयत गंभीर बनी हुई है। उन्हें ब्रेन स्ट्रोक के बाद दिल्ली स्थित सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, स्ट्रोक के चलते उनके शरीर के बाएं हिस्से में लकवा (पैरालिसिस) हो गया है। वर्तमान में उन्हें आईसीयू में रखा गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
अस्पताल सूत्रों ने बताया कि आईसीयू में प्रवेश केवल सीमित लोगों को ही दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन लगातार अस्पताल में मौजूद हैं। शिबू सोरेन की स्थिति जानने के लिए झारखंड से कई मंत्री और कांग्रेस नेता दिल्ली पहुंचे, लेकिन सुरक्षा और मेडिकल प्रोटोकॉल के कारण अधिकांश को मुलाकात की अनुमति नहीं मिल सकी।
गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वयं अस्पताल जाकर उनका हालचाल जाना। वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन और विधायक बसंत सोरेन लगातार दिल्ली में डटे हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी हेमंत सोरेन से फोन पर बात कर शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली है।
इस पूरे घटनाक्रम ने राज्य में चिंता का माहौल बना दिया है, वहीं आमजन से लेकर राजनेता तक शिबू सोरेन की जल्द से जल्द रिकवरी की दुआ कर रहे हैं।

