चंदौली में भाजपा नेता के भाई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

चंदौली, जनमुख न्यूज़। शहर शनिवार सुबह उस वक्त दहल उठा जब वार्ड नंबर 7 में गोलियों की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप मौर्या के छोटे भाई और परचून दुकानदार संतोष मौर्या (45) की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे आरोपी देवेंद्र जायसवाल उर्फ प्रकाश जायसवाल की किसी बात को लेकर डॉ. मौर्या के बड़े भाई संजय मौर्या से कहासुनी हो गई। बहस के बाद प्रकाश गुस्से में अपने घर गया और वहां से हथियार लेकर लौट आया। इसी बीच जब संतोष मौर्या बीच-बचाव करने पहुंचे तो उन्हें गोली मार दी गई।
गंभीर रूप से घायल संतोष को तुरंत जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही इलाके में तनाव फैल गया। जिला अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई और मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
थानाध्यक्ष अतुल प्रजापति ने बताया कि आरोपी प्रकाश जायसवाल को घटना के तुरंत बाद हिरासत में ले लिया गया है। वह पहले से दबंग किस्म का व्यक्ति बताया जा रहा है, जो आए दिन बाजार और चौराहों पर लोगों को धमकाता रहता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

