रेप केस में दोषी करार, अदालत में फूट-फूटकर रोए पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना; सजा का ऐलान शनिवार को

बेंगलुरु, जनमुख न्यूज़। जनता दल (सेक्युलर) के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में बेंगलुरु की विशेष अदालत ने दोषी करार दिया है।
कोर्ट में जैसे ही फैसला सुनाया गया, रेवन्ना फूट-फूटकर रोने लगे। अब उनकी सजा का ऐलान शनिवार को किया जाएगा।
विशेष अदालत ने 30 जुलाई को कुछ कानूनी स्पष्टीकरणों के चलते फैसला टाल दिया था, लेकिन अब दोष सिद्ध होने के बाद अदालत ने साफ कर दिया है कि 3 अगस्त को सजा पर निर्णय लिया जाएगा।
क्या है मामला?
रेवन्ना के खिलाफ यह मामला अप्रैल 2023 में दर्ज किया गया था, जब उनके परिवार के फार्महाउस में काम करने वाली एक घरेलू सहायिका ने उन पर लगातार रेप करने और वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया था। पीड़िता के मुताबिक, यह यौन शोषण 2021 से लगातार जारी था।
2000 से अधिक अश्लील वीडियो क्लिप्स से मचा था बवाल
यह मामला तब और तूल पकड़ गया जब सोशल मीडिया पर प्रज्वल रेवन्ना से जुड़ीं 2,000 से अधिक कथित अश्लील वीडियो क्लिप्स वायरल हो गईं।
इन क्लिप्स में कई महिलाओं के यौन शोषण की बात सामने आई थी। इस खुलासे के बाद रेवन्ना पर चार अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज हुए थे।
लगातार जमानत याचिकाएं हुईं खारिज
प्रज्वल रेवन्ना पिछले कई महीनों से जेल में हैं। इस बीच उन्होंने जमानत के लिए दो बार विशेष अदालत और एक बार कर्नाटक हाईकोर्ट का भी रुख किया, लेकिन उन्हें हर बार निराशा ही हाथ लगी। हाल ही में उन्होंने निचली अदालत में ट्रायल में देरी का हवाला देकर फिर से जमानत मांगी थी, लेकिन न्यायाधीश संतोष गजानन भट ने यह याचिका भी खारिज कर दी।

