भारत पर अब कुल 50% टैरिफ लागू, ट्रंप ने रूस से तेल खरीद को लेकर जारी किया नया आदेश

नई दिल्ली जनमुख न्यूज़। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने के कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं, जिससे भारत से अमेरिका को निर्यात होने वाले उत्पादों पर कुल शुल्क अब 50% हो गया है। यह फैसला भारत द्वारा रूस से लगातार तेल खरीदने के जवाब में लिया गया है।
ट्रंप ने यह कार्यकारी आदेश बुधवार को उस समय जारी किया जब उनके पहले लगाए गए 25% टैरिफ के लागू होने में सिर्फ 14 घंटे शेष थे। पहले चरण का यह शुल्क 7 अगस्त 2025 से प्रभाव में आ गया है, जबकि दूसरा यानी अतिरिक्त टैरिफ 21 दिन बाद, 27 अगस्त से लागू होगा।
राष्ट्रपति ट्रंप कई बार सार्वजनिक रूप से यह आरोप लगा चुके हैं कि भारत रूस से तेल खरीद कर यूक्रेन युद्ध को अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन दे रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की यह नीति रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को मजबूत करती है, जो अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए चिंता का विषय है।
ट्रंप द्वारा हस्ताक्षरित आदेश में उल्लेख है कि भारत सरकार प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से रूस से तेल का आयात कर रही है, और इसी कारण अब भारत से अमेरिका को निर्यात होने वाली वस्तुओं पर 25% अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा। यह शुल्क अमेरिका में उपभोग के लिए प्रवेश करने वाली सभी भारतीय वस्तुओं पर लागू होगा, सिवाय उनके जो 21 दिनों के भीतर ट्रांजिट मोड में अमेरिका में दाखिल हो जाएं।
इस आदेश के तहत अमेरिकी वाणिज्य मंत्री को यह निर्देश भी दिया गया है कि वे यह जांच करें कि क्या अन्य देश भी रूस से तेल खरीद रहे हैं। यदि हां, तो उन देशों पर भी इसी तरह के दंडात्मक टैरिफ लगाए जा सकते हैं।
अमेरिका पहले ही 2021 और 2022 में रूस से कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगा चुका है। अब, भारत को भी इन नियमों के दायरे में लाया गया है, जिससे भारत-अमेरिका व्यापारिक संबंधों में तनाव की आशंका और गहरा गई है।

