नितिन नवीन बने भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष, निर्विरोध चुनाव; पीएम मोदी समेत दिग्गज नेताओं का मिला समर्थन
नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो गई है। संगठन पर्व के तहत नितिन नवीन को निर्विरोध भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के नामांकन की पूरी प्रक्रिया संवैधानिक और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।
भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने घोषणा करते हुए कहा कि 36 में से 30 राज्यों में संगठनात्मक चुनाव पूरे होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन, जांच और नामांकन वापसी की कार्रवाई पूरी की गई। नामांकन पत्रों की जांच में सभी दस्तावेज सही और वैध पाए गए। नामांकन वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही नाम—नितिन नवीन—शेष रहा, जिसके चलते वे निर्विरोध अध्यक्ष बन गए। हालांकि इसका आधिकारिक ऐलान मंगलवार सुबह किया जाएगा।
नितिन नवीन के नामांकन को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का व्यापक समर्थन मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके समर्थन में प्रस्ताव पत्र दिए। नामांकन के दौरान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव और किरेन रिजिजू जैसे दिग्गज नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने भी नितिन नवीन के समर्थन में नामांकन पत्र जमा किए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के नायब सिंह सैनी और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी इस दौरान उपस्थित रहे। बिहार, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, असम, झारखंड समेत कई राज्यों के नेताओं ने भी उनके समर्थन में नामांकन दाखिल किए।

