डोडा में दर्दनाक हादसा: सेना का वाहन खाई में गिरा, 10 जवान शहीद, 9 घायल

जम्मू, जनमुख न्यूज़। कश्मीर के डोडा जिले से बेहद दुखद खबर सामने आई है। बृहस्पतिवार को भारतीय सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिसमें 10 जवानों की शहादत हो गई, जबकि 9 अन्य घायल हो गए। यह हादसा भद्रवाह–चंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर खन्नी टॉप के पास हुआ।अधिकारियों के मुताबिक, बुलेटप्रूफ सेना का वाहन नियमित ड्यूटी के तहत एक ऊंची सैन्य पोस्ट की ओर जा रहा था। पहाड़ी और संकरे रास्ते पर अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया, जिसके बाद वाहन करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरा।हादसे की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया। मौके से कई जवानों को बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर चार जवानों के शव बरामद किए गए, जबकि बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई।घटना में घायल हुए 9 जवानों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल में एयरलिफ्ट किया गया है।
इस हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा,“डोडा में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में हमारे 10 बहादुर सैनिकों की शहादत से गहरा दुख हुआ है। देश उनके सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेगा। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।”उन्होंने आगे कहा कि इस कठिन समय में पूरा देश शहीद जवानों के परिवारों के साथ खड़ा है। घायल सैनिकों के इलाज के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई है।

