दिल्ली-एनसीआर में बारिश से बदला मौसम, नोएडा में ठंड और जाम ने बढ़ाई परेशानी

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह से जारी बारिश ने मौसम का मिजाज अचानक बदल दिया है। नोएडा समेत आसपास के इलाकों में गरज के साथ तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बारिश के चलते वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में भी सुधार देखने को मिला है। मौसम विभाग के अनुसार यह मौसमी बदलाव अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है।
नोएडा में सुबह से हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। तेज गर्जना के साथ शुरू हुई बारिश के कारण ठंड में इजाफा हो गया। सुबह के समय बारिश काफी तेज रही, जबकि बाद में हल्की बारिश होती रही और आसमान में बादल छाए रहे। बारिश के साथ चल रही सर्द हवाओं ने लोगों को और ज्यादा ठिठुरा दिया। मौसम विभाग के अनुसार, नोएडा में अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सुबह से हल्की बारिश के बाद करीब 11 बजे तेज बारिश शुरू हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भरने के कारण ऑफिस जाने वाले लोगों को भारी जाम का सामना करना पड़ा। सेक्टर-73 समेत कई क्षेत्रों में सड़क किनारे पानी जमा हो गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
मौसम विभाग ने पहले ही गरज के साथ बौछारें पड़ने की चेतावनी जारी की थी। बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। अनुमान है कि बारिश के बाद दिन का तापमान गिरकर 19 से 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इससे एक बार फिर ठंड का असर बढ़ेगा और सुबह व रात के समय ठिठुरन महसूस की जाएगी।

