गणतंत्र दिवस से पहले पंजाब पुलिस की बड़ी कामयाबी, बब्बर खालसा का आतंकी मॉड्यूल ध्वस्त, 2.5 किलो आरडीएक्स बरामद

चण्डीगढ़। गणतंत्र दिवस से पहले पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित आतंकवादी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। होशियारपुर पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर के साथ संयुक्त अभियान में प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान चार आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से करीब ढाई किलोग्राम आरडीएक्स से तैयार किया गया शक्तिशाली विस्फोटक उपकरण और दो अवैध पिस्तौल बरामद हुई हैं।पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलजोत सिंह, हरमन सिंह उर्फ हैरी, अजय उर्फ मेहरा और अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श कंदोला के रूप में हुई है। सभी आरोपी नवांशहर जिले के राहों इलाके के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बरामद विस्फोटक का इस्तेमाल गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान किसी बड़े आतंकी हमले को अंजाम देने के लिए किया जाना था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, काउंटर इंटेलिजेंस विंग को पाकिस्तान से तस्करी कर लाए जा रहे हथियारों और विस्फोटकों को लेकर लंबे समय से एक अहम इनपुट मिला हुआ था। इसी आधार पर यह जानकारी सामने आई कि राहों क्षेत्र के कुछ संदिग्धों को राष्ट्रीय पर्व के दौरान आतंकी वारदात को अंजाम देने के लिए विस्फोटक और हथियार सौंपे गए हैं। इसके बाद संदिग्धों की कई दिनों तक गुप्त निगरानी की गई और पुख्ता सबूत मिलने पर कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप मलिक ने बताया कि बब्बर खालसा इंटरनेशनल के विदेश में बैठे संचालकों ने फिरोजपुर और अमृतसर ग्रामीण क्षेत्रों के जरिए सीमा पार से हथियार भिजवाकर इस आतंकी मॉड्यूल को तैयार किया था। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

