गाजियाबाद में दर्दनाक घटना: एक ही परिवार की तीन नाबालिग बहनों की मौत, पुलिस जांच में जुटी

गाजियाबाद, जनमुख न्यूज़। गाजियाबाद के टीलामोड़ थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार की तीन नाबालिग बहनों की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक बहनें चेतन कुमार की बेटियां थीं, जिनकी उम्र क्रमशः 16, 14 और 12 वर्ष बताई जा रही है। परिवार पिछले तीन वर्षों से भारत सिटी सोसायटी में किराये पर रह रहा था और मूल रूप से दिल्ली का निवासी है। घटना के समय माता-पिता दूसरे कमरे में सो रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि तीनों बहनें बीते कुछ महीनों से ऑनलाइन गेमिंग में अत्यधिक समय बिता रही थीं। कोरोना महामारी के बाद से उनकी पढ़ाई भी नियमित नहीं थी। पुलिस ने जांच के तहत मोबाइल फोन कब्जे में लेकर डिजिटल गतिविधियों की पड़ताल शुरू कर दी है।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रात करीब 2:15 बजे सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों बच्चियों को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके।

Spread the love

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *