मेघालय में अवैध कोयला खदान में डायनामाइट विस्फोट, 16 की मौत; मुआवजे का ऐलान

शिलांग, जनमुख न्यूज़। मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में गुरुवार को एक अवैध कोयला खदान में हुए डायनामाइट विस्फोट में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। यह हादसा जिले के मिसिंगेट–थांग्स्को इलाके में स्थित एक अवैध खदान में हुआ। स्थानीय मीडिया ने इस घटना की पुष्टि की है।
पूर्वी जयंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि यह खदान काफी दुर्गम इलाके में स्थित है। अब तक चार शव बरामद किए गए हैं, जबकि एक झुलसे हुए व्यक्ति को इलाज के लिए शिलांग भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई खनिकों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।
घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और दमकल एवं आपात सेवाओं की टीमें मौके पर रवाना की गईं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विस्फोट के बाद पहाड़ी का एक हिस्सा धंस गया, जिससे बचाव कार्य में काफी कठिनाइयां आ रही हैं।पुलिस ने बताया कि अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
गौरतलब है कि पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में अवैध कोयला खनन लंबे समय से चिंता का विषय बना हुआ है। इसी थांग्स्को इलाके में पिछले वर्ष 23 दिसंबर को भी डायनामाइट विस्फोट हुआ था, जिसमें दो खनिकों की जान चली गई थी।

