गढ़चिरौली में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, 25 लाख का इनामी नक्सली प्रभाकर समेत 7 माओवादी ढेर

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में तेलंगाना का कुख्यात नक्सली प्रभाकर उर्फ लोकेटी चंदर राव मारा गया है। प्रभाकर पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में कुल सात नक्सलियों को ढेर किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रभाकर माओवादी संगठन का शीर्ष कैडर नेता था और महाराष्ट्र–तेलंगाना सीमा क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों को संचालित करने में उसकी अहम भूमिका रही है। वह लंबे समय से सुरक्षाबलों की हिट लिस्ट में शामिल था और कई गंभीर नक्सली घटनाओं में उसकी संलिप्तता रही है।
यह अभियान गढ़चिरौली पुलिस की विशेष नक्सल विरोधी इकाई ‘सी-60’ की 14 टीमों द्वारा चलाया गया। नारायणपुर–गढ़चिरौली सीमा के फोडेवाड़ा गांव के पास जंगल क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से तलाशी और घेराबंदी अभियान जारी था। इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में मुठभेड़ हुई।
पुलिस के अनुसार, मारे गए सात नक्सलियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। गुरुवार रात को तीन नक्सलियों के शव बरामद किए गए थे, जबकि शुक्रवार को इलाके से चार और शव मिले। सुरक्षाबलों ने मौके से तीन एके-47 राइफल, एक एसएलआर और एक .303 राइफल भी बरामद की है।
फिलहाल इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी है, क्योंकि कुछ और नक्सलियों के जंगल में छिपे होने की आशंका जताई जा रही है। प्रभाकर के अलावा अन्य मारे गए नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है।

