दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में भूकंप के तेज झटके, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। शुक्रवार देर शाम Delhi NCR समेत पूरे उत्तर भारत में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। झटके इतने तेज थे कि लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए और खुले स्थानों की ओर भागे।
नोएडा और आसपास की हाईराइज सोसाइटियों में रहने वाले लोग घबराकर सीढ़ियों की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते पार्कों और सड़कों पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दहशत का माहौल ऐसा था कि काफी देर तक लोग वापस अपने घरों में जाने से हिचकते रहे।
भूकंप का असर Jammu and Kashmir तक देखने को मिला। वहां घरों में लगे पंखे और झूमर तक हिलने लगे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में झूमर के तेज़ी से हिलने के दृश्य सामने आए हैं।
जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र Afghanistan–Tajikistan border क्षेत्र में था, जिसकी तीव्रता 5.9 मापी गई। यह भूकंप करीब 175 किलोमीटर की गहराई में आया, जिसके झटके उत्तर भारत के कई हिस्सों तक महसूस किए गए। भूकंप का असर पंजाब, नोएडा, चंडीगढ़, लुधियाना समेत कई शहरों में देखा गया। इसके अलावा Pakistan के इस्लामाबाद, पेशावर और खैबर पख्तूनख्वा जैसे क्षेत्रों में भी झटके महसूस किए गए।
राहत की बात यह है कि अब तक कहीं से भी जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

