अरुणाचल के नाम बदलने की चीन की कोशिश पर भारत का कड़ा जवाब, कहा— ‘हकीकत नहीं बदलेगी’

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। भारत ने चीन द्वारा अरुणाचल प्रदेश के कुछ स्थानों के नाम बदलने की कोशिशों को सख्ती से खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने इसे भ्रामक, निराधार और अस्वीकार्य करार दिया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने स्पष्ट कहा कि अरुणाचल प्रदेश हमेशा से भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने कहा कि चीन के इस तरह के कदमों से जमीनी हकीकत में कोई बदलाव नहीं आने वाला।
प्रवक्ता ने कहा कि चीन की ओर से किए जा रहे ऐसे प्रयास पूरी तरह से गलत और बिना आधार के हैं, जिन्हें भारत सिरे से खारिज करता है। उन्होंने दोहराया कि भारत अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।भारत ने यह भी साफ किया कि चीन द्वारा किए जा रहे झूठे दावे और मनगढ़ंत तथ्यों से सच्चाई नहीं बदली जा सकती। अरुणाचल प्रदेश समेत देश का हर हिस्सा भारत का अभिन्न अंग है और रहेगा।

